ब्लड प्रेशर बार बार बढ़ रहा है? कम सोडियम वाली इन चीजों को करें अपने खाने में शामिल
नमक सोडियम का एक सामान्य स्रोत है। ब्लड प्रेशर और खून की मात्रा को कंट्रोल करने के लिए सोडियम काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है लेकिन अत्यधिक मात्रा में सोडियम का सेवन करने से कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आज हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनमें सोडियम की मात्रा बहुत ही कम या न के बराबर होती है।
कभी आपके साथ भी ऐसा जरूर हुआ होगा जब आप अपनी कोई मनपसंद चीज खा रहे हों और उसमें नमक कम हो जाए तो उस चीज का सारा टेस्ट खत्म हो जाता है। खाने में नमक काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नमक एक ऐसी चीज है जो खाने के सभी फ्लेवर्स को बांधकर रखता है. नमक, सोडियम का सबसे सामान्य स्रोत होता है. खाने में टेस्ट लाने के साथ ही, सोडियम बाइकार्बोनेट और मोनोसोडियम ग्लूटामेट में भी सोडियम पाया जाता है. सोडियम शरीर में ब्लड प्रेशर और ब्लड वॉल्यूम को नियंत्रित करने में मदद करता है. इसके अलावा सोडियम मसल्स और नर्वस फंक्शन में भी अहम भूमिका निभाता है।
जिस प्रकार किसी भी चीज का अत्यधिक मात्रा में सेवन करना सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है उसी प्रकार सोडियम की अधिक मात्रा भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। अधिक मात्रा में सोडियम का सेवन करने से यूरिन में कैल्शियम की मात्रा काफी ज्यादा बढ़ जाती है जिससे आपको किड़नी से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा शरीर में सोडियम की मात्रा अधिक होने से ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा भी बढ़ने लगता है.
ऑस्टियोपोरोसिस (osteoporosis) हड्डी का एक रोग है। जिससे फैक्चर का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है।
शरीर में सोडियम की मात्रा कम करने से ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधित बीमारियों के खतरे को काफी कम किया जा सकता है। शरीर में सोडियम को कम करने का सबसे अच्छा उपाय ये है कि आप हाई सोडियम युक्त चीजों का सेवन कम से कम करें और इनकी बजाय ऐसी चीजें खाएं जिनमे सोडियम की मात्रा काफी कम होती हो साथ ही ये चीजें सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होती हैं. आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में –
खीरा- खीरा सेहत के लिए काफी हेल्दी माना जाता है क्योंकि इसमें कैलोरी, सोडियम और फैट ना के बराबर होता है। एक कप खीरे में 3 ग्राम सोडियम होता है जिसके चलते आप इसका दिल खोलकर सेवन कर सकते हैं। खीरे में पानी का लेवल काफी हाई होता है जिस कारण यह शरीर को डिहाईड्रेट नहीं होने देता।
सेब- फलों में स्वाभाविक रूप से सोडियम की मात्रा कम होती है और पोटैशियम ज्यादा पाया जाता है. सेब में सोडियम की मात्रा काफी कम पाई जाती है। सेब में फैट कम होता है और ये विटामिन सी और फाइबर का अच्छा स्रोत है. सेब और अन्य फलों में पाए जाने वाले पॉलीफेनोल्स हार्ट हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद हैं।
नींबू का जूस और हर्ब्स- खाने में नमक की बजाय नींबू का जूस और हर्ब्स का इस्तेमाल करके आप सोडियम की मात्रा को कम कर सकते हैं. इसके साथ ही हाई सोडियम युक्त खाद्य पदार्थों जैसे, आचार, पापड़, नमकीन बिस्कुट, नमक युक्त मक्खन, चीज, आदि चीजों के सेवन से बचें। खानपान में बदलाव करने के साथ ही रोजाना एक्सरसाइज भी करे।